खिलचीपुर मंदिर में देर रात तक बरसे रंग-फूल:उज्जैन की हर्बल गुलाल, राजस्थान के गुलाबों से सजी फाग

खिलचीपुर मंदिर में देर रात तक बरसे रंग-फूल:उज्जैन की हर्बल गुलाल, राजस्थान के गुलाबों से सजी फाग

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के पटवा बाजार स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में शुक्रवार रात फाग उत्सव भक्ति, रंग और संगीत के अनोखे संगम के रूप में दिखाई दिया। जैसे ही रात हुई, मंदिर परिसर गुलाल के रंग और गुलाब के फूलों की खुशबू से महक उठा। भजनों की धुन गूंजी तो महिलाएं, पुरुष और युवा श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में पहले से ही उत्साह था। शाम होते-होते मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। फाग उत्सव के लिए मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों की मालाओं से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा दिखाई दे रहा था। मंदिर के सामने विशेष मंच बनाकर भजन संध्या का आयोजन किया गया। छापीहेड़ा के गायक लखन नागर ने भगवान श्रीकृष्ण और सांवलिया सेठ के भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे-जैसे भजनों की लय बढ़ती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालु भी भक्ति में डूबते चले गए। कई लोग हाथ उठाकर नाचते रहे तो कुछ जयकारों के साथ तालियां बजाते हुए भक्ति में मग्न दिखाई दिए। साढ़े 5 क्विंटल हर्बल गुलाल उज्जैन से मंगाया
फाग उत्सव की खास बात यह रही कि आयोजन के लिए उज्जैन से करीब साढ़े पांच क्विंटल हर्बल गुलाल मंगवाया गया था, जबकि राजस्थान के झालावाड़ से दो क्विंटल गुलाब के फूल बुलवाए गए थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही उत्सव की शुरुआत हुई, श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में गुलाब के फूलों की वर्षा भी होने लगी और मंदिर परिसर रंग और खुशबू से भर गया। श्रद्धालु एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए फूलों की होली खेलते रहे। भजनों की धुन, गुलाल के उड़ते रंग और गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंदिर में गूंजते सांवलिया सेठ के जयकारों के बीच हर कोई इस पल को अपने मोबाइल में कैद करता भी नजर आया। कार्यक्रम रात आठ बजे शुरू होकर करीब 11 बजे तक चलता रहा। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वही माहौल बना रहा। मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार सांवलिया सेठ मंदिर में फाग उत्सव का यह आयोजन पिछले दो वर्षों से किया जा रहा है और हर बार इसमें श्रद्धालुओं की संख्या और उत्साह बढ़ता जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *