गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के थम्भाचक में शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक का इंजन खुलकर अलग हो गया और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पल्सर बाइक खिजुरी की ओर से आ रही थी, जबकि दूसरी बाइक तिसरी से खिजुरी की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान दोनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल तिसरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। घायलों की पहचान तिसरी निवासी पीयूष कुमार (पिता सदानंद तूरी), जसीम अंसारी (पिता मुस्लिम अंसारी) और गिरिडीह निवासी रंजीत कुमार मोदी (पिता बसंत मोदी) के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, पीयूष कुमार के पैर में, रंजीत कुमार के हाथ में और जसीम अंसारी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचओ आकाश प्रजापति और स्वास्थ्यकर्मी अनूप कुमार की देखरेख में तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


