रोडवेज बस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर:4 लोग घायल, केबिन में फंसे बस ड्राइवर को लोगों ने निकाला बाहर

रोडवेज बस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर:4 लोग घायल, केबिन में फंसे बस ड्राइवर को लोगों ने निकाला बाहर

शाहजहांपुर में मंगलवार देर रात लखनऊ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस की गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस चालक, परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए। बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा कटरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-24 पर डिग्री कॉलेज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, हापुड़ डिपो की बस जब वहां से गुजर रही थी, तभी गलत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दिनेश कुमार केबिन में फंस गए। दुर्घटना में बस के परिचालक और दो यात्री भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही कटरा पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से आ रही थी, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *