नीमच जिले में अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत चार आदतन अपराधियों को जिला बदर किया गया है। यह कार्रवाई जिला दंडाधिकारी हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई। यह कार्रवाई नीमच केंट, नीमच सिटी, जीरन और कुकड़ेश्वर थाना प्रभारियों की संयुक्त पहल पर की गई, जिसमें प्रशासन का भी सहयोग रहा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला बदर के आदेश जारी किए हैं। पुलिस ने बताया कि आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर और एनएसए जैसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
इन पर कसी नकेल पुलिस के अनुसार, जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम केरी निवासी दशरथ सिंह सौंधिया पर 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे 6 माह के लिए जिला बदर किया गया है। नीमच केंट की एकता कॉलोनी निवासी जगदीश उर्फ पतंग मेघवाल पर 8 मामले दर्ज होने के कारण उसे भी 6 माह के लिए जिला बदर किया गया है। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम मोया निवासी अजय बाछड़ा पर 15 अपराध दर्ज हैं, जिसके चलते उसे 3 माह के लिए जिला बदर किया गया है। नीमच सिटी क्षेत्र के दिलशाद उर्फ निग्गु कुरैशी को 6 माह के लिए संबंधित थाने में हाजिरी देने के आदेश दिए गए हैं।


