कलेक्टर-एसपी ने किया पाली महोत्सव स्थल का निरीक्षण:अधिकारियों को दिए निर्देश, 15-16 फरवरी को होगा दो दिवसीय आयोजन

कलेक्टर-एसपी ने किया पाली महोत्सव स्थल का निरीक्षण:अधिकारियों को दिए निर्देश, 15-16 फरवरी को होगा दो दिवसीय आयोजन

कोरबा में 15 और 16 फरवरी को होने वाले दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन महोत्सव को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पाली के केराझरिया स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर दुदावत ने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, बैठक व्यवस्था, वीआईपी बैठक, विभागीय स्टॉल, पार्किंग और बेरिकेडिंग की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य और पीडब्ल्यूडी विभाग की टीमों को मुस्तैद रहने को कहा। उन्होंने पेयजल, शौचालय और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने 15 फरवरी की सुबह होने वाली साइकिल रेस प्रतियोगिता और शाम को शिव मंदिर घाट पर आयोजित होने वाली शिव आरती एवं दीपोत्सव की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित शिक्षा, पीडब्ल्यूडी और खाद्य जैसे विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *