नीमच में युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार:विद्यार्थियों के साथ योग करने पहुंचे कलेक्टर और विधायक, मंत्रों पर किया सूर्य नमस्कार

नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘युवा दिवस’ के उपलक्ष्य में सांदीपनी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक साथ योग का अभ्यास किया। आयोजन में मुख्य रूप से उपस्थित विधायक दिलीप सिंह परिहार और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बच्चों के बीच बैठकर स्वयं सूर्य नमस्कार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रेरणादायी संदेश का वाचन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सुना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, एसडीएम संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, तहसीलदार संजय मालवीय और जिला शिक्षा अधिकारी सूरजमल मांगदलिया सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्राचार्य किशोर जैन के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने अनुशासित तरीके से सूर्य नमस्कार की सभी 12 स्थितियों का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस सामूहिक आयोजन में शिक्षा विभाग के अमले सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर ‘जय हो’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *