गोरखपुर में आज सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। हालांकि कोहरा न होने के कारण दृश्यता पूरी तरह सामान्य बनी रही। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। सुबह से चल रही तेज और ठंडी हवा के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। हवा की रफ्तार ने तापमान से ज्यादा सर्दी का अहसास कराया। मौसम विभाग के अनुसार दिन चढ़ने के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। दोपहर के समय बादलों के बीच हल्की धूप निकल सकती है, जिससे कुछ समय के लिए ठंड से राहत मिलेगी। हालांकि ठंडी हवा चलते रहने से सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 दिन ऐसे ही मौसम बना रहेगा। शाम होते ही फिर सख्त होगा मौसम जैसे-जैसे शाम होगी, वैसे-वैसे तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। ठंडी हवा के साथ ठंड और बढ़ेगी। खासकर रात के समय खुले स्थानों और रिहायशी इलाकों में सर्दी ज्यादा परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज गोरखपुर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। ठंडी हवा के कारण तापमान से ज्यादा ठंड महसूस होने की संभावना है। आने वाले दिनों में बढ़ेगा कोहरा और गिरेगा तापमान मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में गोरखपुर में कोहरे की स्थिति फिर बन सकती है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।


