सहारनपुर में सोमवार की सुबह में घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया। सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी मात्र एक किलोमीटर तक सिमट गई, जिसके कारण हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ठंडी हवा के साथ कोहरे ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। सुबह के समय 3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हल्की हवा चलती रही, लेकिन इसका असर ठंड कम करने के बजाय सर्दी को और बढ़ाने वाला रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर की हवा भी इन दिनों बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। सोमवार को जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 307 दर्ज किया गया। खराब हवा के कारण सांस के रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें। घने कोहरे का असर रेल और सड़क यातायात पर भी देखने को मिला। कुछ ट्रेनों के देरी से चलने की सूचना है, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी खासी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। ग्रामीण इलाकों में खेतों की ओर जाने वाले किसानों को भी कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतनी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस दौरान सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है। जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।


