उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा ने राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी कर दी है। मौसम विभाग ने रविवार (11 जनवरी) को भी 14 जिलों में कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शीतलहर आने वाले दिनों में भी ठिठुराएगी। वहीं, शनिवार को राजस्थान में सबसे ज्यादा सर्द दिन और रात श्रीगंगानगर में रहे। यहां अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सीजन में ये पहली बार है, जब किसी शहर का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। शीतलहर से अभी नहीं मिलेगी राहत मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में मकर संक्रांति तक कोल्ड-डे की स्थिति रहने का अनुमान जताया है और तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। श्रीगंगानगर में दिनभर कोहरा रहा श्रीगंगानगर में इससे पहले साल 2020 और 2019 के सीजन में अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। श्रीगंगानगर में सुबह से ही घना कोहरा रहा, जो देर शाम तक रहा। पूरे दिन सर्द हवा चली, जिसके कारण कल पूरे दिन में गलनभरी सर्दी रही। न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जिले का इस सीजन का सबसे कम तापमान था। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर संभाग में दिन में भी ठिठुरन राजस्थान में शनिवार को कोहरे के अलावा सर्द हवाओं की चपेट में 15 से ज्यादा जिले रहे। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में सुबह से हल्की सर्द हवा से गलन रही। पिलानी, सीकर, उदयपुर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, सिरोही, फतेहपुर, झुंझुनूं में कल दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।


