सीतापुर में शीतलहर व घना कोहरा, विजिबिलिटी 10 मीटर:तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, स्कूल 8 जनवरी तक बंद

सीतापुर में शीतलहर व घना कोहरा, विजिबिलिटी 10 मीटर:तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, स्कूल 8 जनवरी तक बंद

सीतापुर में घने कोहरे और शीतलहर के दोहरे प्रहार ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता घटकर महज 10 मीटर के आसपास रह गई। कोहरे की मोटी चादर के चलते हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सोमवार को दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन मंगलवार सुबह मौसम ने फिर करवट ले ली। घने कोहरे और बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे सुबह के समय घर से निकलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, मजदूर और छात्र-छात्राएं ठंड से कांपते नजर आए। ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जनपद का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 305 तक पहुंच गया है, जो कि बेहद खराब श्रेणी में आता है। बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे मौसम में बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूरी है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों को 8 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालय सीमित समय में संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *