श्रावस्ती में घना कोहरा, शीतलहर से जनजीवन प्रभावित:दृश्यता हुई बेहद कम, कुछ मीटर दूर भी साफ नहीं दिख रहा

श्रावस्ती में घना कोहरा, शीतलहर से जनजीवन प्रभावित:दृश्यता हुई बेहद कम, कुछ मीटर दूर भी साफ नहीं दिख रहा

श्रावस्ती में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। नववर्ष के 11वें दिन रविवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। कुछ मीटर की दूरी पर स्थित वस्तुएं भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं। ठंडी हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोग ही घरों से बाहर दिखाई दिए। इक्का-दुक्का वाहन धीमी गति से हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। पिछले लगभग दस दिनों से जिले के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड और कोहरे के कारण लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। सुबह के समय दिहाड़ी मजदूरों को काम पर जाने में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरा अधिक गिरने से सड़क के जगह-जगह बारिश की तरह भीग गई हैं। ठंड का असर बाजारों में भी स्पष्ट दिख रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में चहल-पहल काफी देर से शुरू हो रही है। सुबह के समय दुकानें कम खुल रही हैं, जबकि धूप निकलने के बाद ही बाजारों में रौनक लौटती है। बीते सोमवार को शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई थीं, जबकि मंगलवार को दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिली। बुधवार को कोहरा कम रहा, लेकिन आसमान पूरी तरह साफ नहीं हुआ। गुरुवार को दोपहर बाद धूप खिलने से शाम तक ठंड से राहत मिली, हालांकि शुक्रवार और शनिवार की सुबह फिर से घना कोहरा छा गया। रविवार को भी सुबह से कोहरे और गलन का असर बना हुआ है, हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने की संभावना है। कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं। चौराहों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग आग तापते देखे गए। गरीब और जरूरतमंद तबके को इस ठंड से अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, जनपद श्रावस्ती का अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *