सागर | सागर के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटे में रात के तापमान लगभग 2 डिग्री की गिरावट से ठंड की वापसी हो गई है। गुरुवार को मौसम साफ रहने के साथ हवा में नमी का प्रतिशत भी कम हुआ, जिससे दिन में तेज धूप होने के बाद भी ठिठुरन रही। वहीं संभाग के छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी व पन्ना में घना कोहरा छाया रहा। पूर्वानुमान के अनुसार इन चारों जिलों में शुक्रवार को भी घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को सागर शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के समय हवा में नमी का प्रतिशत 76 और शाम को 60 दर्ज किया गया।


