सीकर में गुरूवार-शुक्रवार को हुई मावठ के बाद सर्दी तेज हो गई है। आज पारा जमाव बिंदु की तरफ बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान एक साथ 11 डिग्री गिरकर आज सुबह 1.9 डिग्री दर्ज किया गया है। आज सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर है, रानोली इलाके में खेत में पड़े तिरपाल पर भरा हुआ पानी सुबह बर्फ में तब्दील हो गया। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद गुरुवार से ही मौसम बदल गया। 2 दिन से सर्दी का असर बढ़ गया है। शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे, इस वजह से दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अगले 2 दिन तेज सर्दी का असर बना रहेगा। 25-26 जनवरी को सीकर जिले में घना कोहरा छाने का अनुमान है। बात करें सीकर जिले के तापमान की तो, सीकर के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया है। अगले 48 घंटे तेज सर्दी का असर बरकरार रहेगा, 24-25 और 26 जनवरी की रात तेज ओस गिरेगी। अगले 2 दिन तापमान स्थिर बना रहेगा। सीकर में 21 जनवरी तक तापमान बढ़ने लगा था, लेकिन इसके बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के बाद मौसम बदल गया है। सर्दी लौट आई है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार, मौसम को लेकर अभी लापरवाह नहीं होना चाहिए। सर्दी के उतार-चढ़ाव का क्रम अभी बना रहेगा और सुबह-शाम तेज सर्दी अभी एक सप्ताह तक रहेगी। हालांकि दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के मुताबिक आज सीकर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। 25-26 जनवरी को सीकर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में सर्दी बढ़ गई है। इस बीच हल्की बारिश की गतिविधियां भी हो सकती हैं। आज सुबह हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। 27 जनवरी के बाद दिन का तापमान बढ़ने से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन रात में तेज सर्दी बनी रहेगी। अगले महीने की शुरुआत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है।


