वीरभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19316) के एसी कोच में कॉकरोच दिखाई देने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद के पास असावरा से इंदौर आ रही इस ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री यश गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी शिकायत की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, रेल मंत्री और वरिष्ठ रेल अधिकारियों को टैग कर कार्रवाई की मांग की है। यात्री यश गुप्ता ने एसी कोच के अंदर कॉकरोच घूमते हुए देखे। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में सीटों, दीवारों और फर्श पर कॉकरोच नजर आ रहे हैं। रेल मदद पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत यात्री ने रेल मदद पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद ट्रेन में कोई सफाई या कीटनाशक की कार्रवाई नहीं की गई। कोच अटेंडेंट की ओर से भी कोई तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। रेलवे ने यात्रा विवरण मांगकर मामला आगे बढ़ाया रेलवे की ओर से सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए यात्री से यात्रा संबंधी विवरण मांगा गया। साथ ही मामले को संबंधित विभाग को भेजने की जानकारी दी गई, लेकिन यात्रा के दौरान कोई सुधार नहीं हुआ। यात्री ने प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल मंत्री को टैग करते हुए मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रभावित यात्रियों को मुआवजा देने की भी मांग की है। एसी कोच में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल इस घटना के बाद एसी कोच में सफाई और रखरखाव को लेकर सवाल उठे हैं। यात्री ने शिकायत में कहा कि प्रीमियम किराया लेने के बावजूद यात्रियों को अपेक्षित साफ-सफाई और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।


