सतना की पेप्टेक सिटी कॉलोनी में एक घर की गैलरी में जहरीला कोबरा सांप मिलने से हड़कंप मच गया। मकान नंबर 348 में रहने वाले श्रीराम त्रिपाठी के परिवार ने जैसे ही गैलरी में फन फैलाए कोबरा को देखा, वे दहशत में आ गए। परिवार के अनुसार, घर में काम करने वाली मेड ने सबसे पहले गैलरी में फुफकारने की आवाज सुनी। पास जाकर देखने पर कोबरा फन उठाए बैठा था, जिसके बाद उसने तुरंत परिवार को जानकारी दी। खुद भगाने की कोशिश, लेकिन घबरा गया परिवार परिवार के सदस्यों ने पहले अपने स्तर पर सांप को भगाने का प्रयास किया, लेकिन कोबरा की तेज फुफकार और आक्रामक मुद्रा देखकर वे डर गए और सुरक्षित स्थान पर चले गए। सांप काफी देर तक गैलरी में ही बना रहा। स्थिति गंभीर होने पर मकान मालिक ने सर्प मित्र शंखधर तिवारी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे तिवारी ने विशेष स्टिक की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर कोबरा को काबू में किया और सुरक्षित डिब्बे में बंद कर लिया। मुकुंदपुर रेप्टाइल हाउस में छोड़ा रेस्क्यू के बाद सांप को मुकुंदपुर स्थित रेप्टाइल हाउस ले जाकर सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। इस दौरान कॉलोनी में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। घटना के बाद कॉलोनीवासियों से अपील की गई है कि ऐसे मामलों में खुद जोखिम न लें और तुरंत सर्प विशेषज्ञों को सूचना दें।


