श्रीगंगानगर में सीमेंट से भरे ट्रक में घुसी कार:भिड़ते ही CNG में आग लगी, नशे में थे 2 युवक; इलाज जारी

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में गद्दरखेड़ा तिराहा के पास आल्टो कार ने साइड में खड़े सीमेंट से लदे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के अंदर घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। जिसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा शाम 6 बजे हनुमानगढ़-अबोहर स्टेट हाईवे पर हुआ। नशे में कार घुसाई घायल दोनों युवकों को पहले सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर बताए जाने पर श्रीगंगानगर के जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों घायल युवक सिरसा (हरियाणा) के निवासी हैं और शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। जिसके कारण यह हादसा हुआ। गाड़ी के CNG में लगी आग प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- कार हनुमानगढ़ से अबोहर की ओर जा रही थी और गद्दरखेड़ा तिराहा के पास ढाबे के पास खड़े ट्रक में पीछे से टकराई। ट्रक साइड में खड़ा था, जबकि कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। कार में सीएनजी सिलेंडर लगा हुआ तो जो हादसे में उखड़कर लीकेज होने लगा और आग लग गई। आस-पास के लोगों ने आग को बुझाया और घायलों को हॉस्पिटल रेफर किया। सादुलशहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *