धौलपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डेली शॉप पर छापा मारा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) धर्म सिंह मीणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में दूषित और एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की गई। मौके पर फूड इंस्पेक्टर पदम सिंह को भी बुलाया गया। सीएमएचओ धर्म सिंह मीणा ने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ मॉल और रेस्टोरेंट में एक्सपायरी डेट का सामान बेचा जा रहा है। साथ ही, खाद्य सामग्री को अस्वच्छ परिस्थितियों में सार्वजनिक रूप से रखा जा रहा था। इसी क्रम में बाड़ी रोड स्थित चौपाटी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां खुले में रखी सब्जियां, चटनियां और मसाले एक्सपायरी पाए गए। मॉल परिसर में भी कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी डेट के मिले, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं, मॉल संचालक ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि जो एक्सपायरी सामग्री मिली है, वह बिक्री के लिए नहीं रखी गई थी। उनके अनुसार, यह सामग्री गोदाम में रखी हुई थी और इसे वापस भेजने की प्रक्रिया में था। उन्होंने यह भी कहा कि गोदाम में रखा माल ग्राहकों को नहीं बेचा जा रहा था और वर्तमान में सारा एक्सपायरी माल हटा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी दूषित या एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेची जा रही हो तो इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें।


