बलरामपुर जिले को यातायात सुविधा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में NH-730 पर बलरामपुर-झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर 2-लेन रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। करीब 292 करोड़ की इस परियोजना से जाम की समस्या खत्म होगी।
बलरामपुर जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शासन ने बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-730) पर स्थित बलरामपुर-झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर 2-लेन रेल उपरिगामी सेतु (ROB) के निर्माण को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना लगभग 292.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 90 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है। शासन ने इस पुल के निर्माण की समय सीमा 24 माह निर्धारित की है। जिससे तय समय में लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। सेतु बनने के बाद सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट पर पूरे खर्च को स्वयं वहन करेगी
परियोजना के तहत रेलवे हिस्से पर लगभग 92.62 करोड़ रुपये, भूमि अधिग्रहण के लिए 58.16 करोड़ रुपये, यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14.08 करोड़ रुपये और एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 127.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत राज्य सरकार स्वयं वहन कर रही है।
बदलेगी बलरामपुर यातायात व्यवस्था की सूरत, जाम से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों के लिए यह पुल किसी बड़ी सौगात से कम नहीं होगा। इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा। बल्कि व्यापार और आवागमन भी तेज होगा। साथ ही, क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार की इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में यह ROB बलरामपुर जिले की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदल सकता है।


