सीतापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। तपोधाम आश्रम में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और पूरे रूट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:10 बजे जीआईसी मैदान में लैंड करेगा। इसके बाद वह 2:15 बजे तपोधाम आश्रम पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीपैड से आश्रम तक करीब 1800 मीटर लंबे सड़क मार्ग को पूरी तरह से सुरक्षित किया गया है। इस मार्ग पर रूफटॉप फोर्स की तैनाती की गई है, जो ऊंची इमारतों से निगरानी रखेगी। सुरक्षा व्यवस्था में चार अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 17 क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित लगभग 900 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीएम सुरक्षा टीम ने हेलीपैड से आश्रम तक कई बार फ्लीट रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही कार्यक्रम स्थल और रूट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अंतिम रूप दे रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।


