केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा आरोप… कांग्रेस ने वोट चोरी कर नेहरू को PM और इंदिरा को बनाया था सांसद

केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा आरोप… कांग्रेस ने वोट चोरी कर नेहरू को PM और इंदिरा को बनाया था सांसद

बरेली। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और सपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने खुद वोट चोरी की वो आज दूसरों पर आरोप लगाते घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट चोरी करके पंडित जवाहर लाल नेहरू को देश का पहला प्रधानमंत्री और इंदिरा गांधी को सांसद बनाया था।

उप मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके आगे कहा ये वही लोग हैं जो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान करते थे, और अब लोकतंत्र की दुहाई देते हैं। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए बोले पहले बंदेमातरम का ज्ञान करो और अपनी पार्टी को भी कराओ। भाजपा बंदेमातरम बोलती है और बोलती रहेगी।

भाजपा कार्यकर्ता गलत काम कर ही नहीं सकता

एसआईआर को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा घुसपैठ रोकने और असली वोटरों को जोड़ने का काम कर रही है। कहा भाजपा का कोई कार्यकर्ता गलत काम कर ही नहीं सकता, और दूसरी पार्टियों का कोई कार्यकर्ता सही हो ही नहीं सकता।

बिहार चुनाव के बाद लाल टोपी वाले गायब

अखिलेश पर तीखे वार में मौर्य बोले बिहार चुनाव के बाद तो लाल टोपी वाले बरेली में दिखाई ही नहीं दे रहे। चुनाव से पहले बहुत उछल-कूद कर रहे थे। आगे कहा अवध भी हार गए, मगध भी हार गए, अब यूपी भी हारेंगे और सीधे सैफई जाएंगे।

परिवारवादी पार्टियों का अंत तय

मौर्य ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा अब परिवारवाद खत्म होगा। जो जनता की सेवा करेगा वही राजनीति में रहेगा, बाकी सबको राजनीति छोड़कर जाना ही पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि राजनीति का अपराधीकरण सपा ने किया, और उसे खत्म करने का काम भाजपा कर रही है। एसआईआर मुद्दे पर कहा सपा और कांग्रेस अंदर हिस्सा ले रहे हैं और बाहर विरोध कर रहे हैं। यही इनकी असली राजनीति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *