सोनीपत जिले के गांव भटगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सीएम नायब सिंह सैनी आज शिरकत करेंगे। धर्मार्थ गोशाला परिसर में होने वाले कार्यक्रम में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर प्रदेशभर की गोशालाओं को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। गोशालाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की विभिन्न गोशालाओं को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित करेंगे। गो संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में कार्य कर रहे संगठनों को प्रोत्साहित करते हुए समाज में गो सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा। सरकार की यह पहल गोशालाओं को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने पहले ही स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया है। मंच निर्माण, वीआईपी बैठक व्यवस्था, आमजन के लिए पंडाल, पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति, बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मोहनलाल बड़ौली ने किया निरीक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था डीसीपी कुशल सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग निर्धारित किया गया है तथा पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा। पुलिस एवं जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि राज्यस्तरीय यह आयोजन सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


