मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 मार्च को नेपानगर का दौरा करेंगे। वे यहां नेहरू स्टेडियम ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 1676 करोड़ रुपए की नावथा डैम परियोजना का भूमिपूजन, नगर पालिका के 2 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नए कार्यालय भवन का लोकार्पण और सातपायरी में बनने वाले औद्योगिक क्लस्टर का भूमिपूजन सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उनके आगमन से पहले, शनिवार को एसडीएम भागीरथ वाखला, नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल और नगर पालिका सीएमओ मोहन सिंह अलावा ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने शिवाजी नगर से एकता नगर और नेहरू स्टेडियम ग्राउंड तक के रास्ते से अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से झाड़ियों की भी सफाई की। मुख्यमंत्री के लिए एनिकट क्षेत्र में एक हेलीपैड बनाया गया है। यहां से वे कार द्वारा नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पहुंचेंगे। नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने बताया कि रास्ते से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया है और नगर पालिका की टीम साफ-सफाई में जुटी हुई है। सीएम की सभा के लिए नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर एक भव्य पंडाल और मंच तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी आज शाम तक आने की उम्मीद है।


