बुरहानपुर जिले के नेपानगर में 15 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे क्षेत्र के लिए स्वीकृत कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां 1676 करोड़ रुपए की नावथा डैम सिंचाई परियोजना सहित अन्य योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नेपानगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नेपानगर के नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर कार्यक्रम के लिए भव्य पंडाल और मंच तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही बैठक व्यवस्था, टेंट, साउंड सिस्टम, पेयजल, बिजली, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है। सीएम के दौरे की तैयारी में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह नेपानगर क्षेत्र में पहला दौरा है, इसलिए कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की है।


