अजमेर। पुष्कर में हनुमंत कथा के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि उपासक धीरेन्द्र शास्त्री युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का काम कर रहे हैं। हमारे युवा भाई-बहन सनातन संस्कृति को समझें। युवा धीरेन्द्र शास्त्री जी को फॉलो करते हैं। परम पिता परमात्मा के भक्त हैं। युवाओं के दिलों में सनातन संस्कृति को बसाने का काम कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि राजस्थान में आप जहां जाते हैं उस स्थान, क्षेत्र को राममय -हनुमानमय बना देते हैं। यहां की महिमा अलग है। यह ब्रह्माजी का स्थान है। यह वो स्थान है जो दोनों सागरों को जोड़ता है। हिन्दू महासागर व अरब सागर को जोड़ता है। पुष्कर राज का आधा पानी हिन्द महासागर व आधा अरब सागर में जाता है। यह ब्रह्माजी की भुजाएं हैं जो हिन्द महासागर व अरब सागर को जोड़ रही हैं।
गिरिराज जी के लिए 400 करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में पुष्कर की छटा भी अलग निखरेगी। बजट में डीपीआर सहित हम लगातार काम कर रहे हैं। गिरिराज जी के लिए 400 करोड़ रुपए का बजट रखा है, जिस पर काम चल रहा है। संदीपन आश्रम से उज्जैन तक कृष्णगमन पथ बनाने का काम हम कर रहे हैं। खाटूश्याम मंदिर के लिए पैसा दिया है। मंदिरों के लिए 100 करोड़ रुपए दिए हैं। मेहंदीपुर बालाजी के लिए भी दिया है। यह सनातन संस्कृति का आधार है।
राजस्थान शक्ति और भक्ति की धरती- सीएम
राजनीति होती है लेकिन उसमें भी धर्म होना चाहिए। कोई भी काम जन के मानस का होना चाहिए। हमारी संस्कृति जिस तरह की वह सभी को वसुधैव कुटुम्बकम के भाव व सभी को साथ लेकर चलने का काम करती है। जनता का आशीर्वाद बहुत महत्वपूर्ण होता है। हमारी सरकार लगातार हमारी संस्कृति, विचार व सनातन के लिए काम कर रही है। राजस्थान की संस्कृति बहुत अच्छी है, यह शक्ति और भक्ति की धरती है।
प्रधानमंत्री की सभा के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री ने आमजन व श्रद्धालुओं से मुखातिब होते हुए कहा कि सभी को आमंत्रित करता हूं कि दुनिया के सबसे बड़े नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश ही नहीं दुनिया में डंका बजवाया है। ऐसे युगपुरुष सदियों में मिलते हैं। प्रधानमंत्री ने गौरवपूर्ण कार्य किया है। आप सभी सभा में आएं।


