वाराणसी और पूरे पूर्वांचल में इन दिनों मौसम ठीक बना हुआ है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही के कारण दिन में कभी धूप तो कभी छांव का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर बदल सकता है। बादलों की स्थिति स्थानीय नमी पर निर्भर करेगी, जिसकी वजह से उमस भी महसूस हो रही है।
सोमवार दोपहर में तापमान बढ़ने की संभावना
सोमवार सुबह हल्की ठंडक रही, लेकिन पहले के मुकाबले इसका असर कम था। सुबह 9 बजे के बाद गर्मी बढ़ने लगी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है और नमी ज्यादा होने पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मंगलवार को बादल ज्यादा सक्रिय रह सकते हैं, जबकि सोमवार दोपहर में तापमान बढ़ने की संभावना है।
अप्रैल के पहले पखवाड़े से गर्म लू चलने के संकेत
अप्रैल के पहले पखवाड़े से गर्म लू चलने के संकेत भी दिए गए हैं। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 36.8°C और न्यूनतम तापमान 21.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है। इस दौरान आर्द्रता 30% से 75% के बीच रही।
मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार, पश्चिम दिशा से बादल पूर्वांचल की ओर बढ़ रहे हैं। अगर पछुआ हवा तेज रही, तो रात तक इसका असर दिख सकता है। फिलहाल मानसून आने तक मौसम में बदलाव स्थानीय कारणों पर ही निर्भर रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी और लू का असर बढ़ सकता है।


