सिविल अस्पताल: 200वां लिवर दान, 226 दाताओं के 957 अंग किए स्वीकार

सिविल अस्पताल: 200वां लिवर दान, 226 दाताओं के 957 अंग किए स्वीकार

अहमदाबाद शहर के असारवा स्थित सिविल अस्पताल में बुधवार को 226वें ब्रेनडेड मरीज के अंगों का दान स्वीकार किया गया। इस बार दानदाता बनीं साणंद तहसील की कंचनबेन गोहिल (52)के लिवर समेत तीन अंगों का दान किया। इसके साथ ही अस्पताल में अब तक दान में 200 लिवर मिल चुके हैं।अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश जोशी ने बताया कि अहमदाबाद जिले की सांणद तहसील के जुवाल गांव निवासी कंचनबेन 18 जनवरी को सड़क हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल हो गईं थीं। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां मंगलवार को चिकित्सकों ने ब्रेनडेड घोषित कर दिया। अस्पताल की अंगदान टीम के डॉ. भावेश प्रजापति और डॉ. अभिषेक बारोट ने अंगदान के लिए कंचन बेन के परिजनों को समझाया। इस कठिन घड़ी में उनके पति मोमन गोहिल, पुत्र अजित व विजय ने परोपकार की भावना से अंगदान के लिए सहमति दी। कंचनबेन का एक लिवर और दो किडनी दान किए गए। इनसे तीन जरूरतमंदों को जीवन दान मिल सकेगा।

अब तक दान में मिले 957 अंग

डॉ. जोशी के अनुसार इस अंगदान के साथ अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने एक ऐतिहासिक पड़ाव हासिल किया है। अब तक यहां 200 लिवर दान हो चुके हैं। कुल मिलाकर 226 ब्रेन डेड दाताओं से प्राप्त अंगों के जरिए 957 अंग और ऊतक दान में मिले हैं। इसमें 416 किडनी, 73 हृदय, 34 फेफड़े, 174 नेत्र और 34 त्वचा दान भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *