सीकर. महाशिवरात्रि पर शहर महादेवमय हो गया। दिन में सतरंगी फूलों व साजो— सज्जा से सजे मंदिरों में महादेव का जयकारों की गूंज के साथ जल—दुग्ध अभिषेक व सामूहिक महाआरतियों का दौर चला, तो शाम को बाघंबरधारी बाबा की अनूठी बारात ने शहर को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। भूत— प्रेतों, देव—दानव, योगी और सिद्धों के भेष वाले बारातियों के बीच हाथ में डमरू व त्रिशूल लिए भोलेनाथ की बारात कल्याण धाम से निकली तो उसमें शामिल होने के साथ देखने वालों का भी तांता लग गया। पुष्पवर्षा के बारात में ब्रह्मा, विष्णु और नारद मुनि की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।







