शहर में इन दिनों बायपास, एबी रोड, रिंग रोड पर पीक ऑवर में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इसकी बड़ी वजह इन सड़कों के ट्रैफिक को डायवर्ट करने के विकल्प अटके हुए हैं। मास्टर प्लान में वैकल्पिक इन सड़कों को पूरा कर लिया जाए तो इन क्षेत्रों में जाम से राहत मिल सकती है। प्रशासन, आईडीए और निगम ने जाम के कारणों का विश्लेषण किया। इसमें पता चला कि छोटी-छोटी परेशानियों का समाधान निकाल लें तो मास्टर प्लान में डाले गए सर्कुलेशन प्लान के कई हिस्से पूरे हो जाएंगे। इससे वाहन चालक इनका उपयोग कर कॉलोनी या टाउनशिप पहुंच सकेंगे। इनमें प्रमुख रूप से आरडब्ल्यू -1 व एमआर-4, आरई-2 और एमआर-9 व एमआर-10 लिंक रोड, मूसाखेड़ी के समीप आरई-2, निपानिया चौराहे से एमआर-11 व अन्य सड़कें शामिल हैं। वाहनों को राह मिल सकेगी
इन हिस्सों के बन जाने के बाद वाहनों को सीधी राह मिल सकेगी और वे मुख्य मार्गों की ओर नहीं जाएंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने इसके लिए बाधाओं को चिह्नित करवा कर संबंधित एसडीएम, आईडीए व नगर निगम अफसरों की टीम बनाकर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए राजस्व की टीमें संबंधित विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर संवाद कर रही हैं, जिससे बाधाओं को दूर किया जा सके। इसी क्रम में पहले लिंक रोड पर अतिक्रमण हटाए गए। खजराना जागीर के समीप 200 मीटर हिस्सा भी बनेगा
आरई-2 पर खजराना जागीर के पास 200 मीटर के हिस्से के लिए कवायद जारी है। जल्द यहां सीमांकन करके अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इससे एमआर-10 से खजराना, बिचौली और विजय नगर की ओर आवाजाही आसान होगी।


