Churu : लड़ते नंदियों की चपेट में आने से वयोवृद्ध की मौत.. आक्रोशित लोगों ने एसडीएम को दिया ज्ञापन

Churu : लड़ते नंदियों की चपेट में आने से वयोवृद्ध की मौत.. आक्रोशित लोगों ने एसडीएम को दिया ज्ञापन

रतनगढ़. तहसील मुख्यालय पर 4 फरवरी को देर शाम लड़ते हुए नंदियों की चपेट में आकर गम्भीर घायल हुए बाइक सवार अमरचंद दाधीच (85) की 8 फरवरी देर शाम उपचार के लिए सीकर से जयपुर के एस.एम.एस. अस्पताल लेकर जाने के दौरान मृत्यु हो गई।

जानकारी के अनुसार बाइक के पीछे बैठकर घर लौटते समय 4 फरवरी सायं 6 बजे अशोक स्तंभ के पास गली में लड़ते हुए नंदियों के मोटरसाइकिल में आकर गिर जाने से दुर्घटनाग्रस्त हुए अमरचंद दाधीच को सिर में चोट लगने पर घायलावस्था में रतनगढ़ के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उन्हें सीकर रेफर कर दिया गया था। लगातार स्थिति बिगड़ने और होश नहीं आने पर अंततोगत्वा सीकर से उन्हें जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

9 फरवरी को जालान मुक्ति धाम में उनके अंतिम संस्कार के पश्चात् घटना से आक्रोशित सर्व समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में शहर से बेसहारा नंदियों की नंदीशाला अथवा अन्यत्र समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से कहा कि यदि इस विषय में त्वरित कार्रवाई नहीं की तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए नारेबाजी की। एसडीएम की तरफ से यह ज्ञापन तहसीलदार पूजा पारीक ने लिया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में सर्व समाज के गणमान्य नागरिक व विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *