Churu Blast: गैस लीकेज से जोरदार धमाका, मिठाई की दुकान में लगी भीषण आग, चार झुलसे, इलाके में दहशत

Churu Blast: गैस लीकेज से जोरदार धमाका, मिठाई की दुकान में लगी भीषण आग, चार झुलसे, इलाके में दहशत

सादुलपुर। शहर के मुख्य बाजार स्थित घंटाघर के पास शनिवार को गैस लीकेज के बाद हुए भीषण विस्फोट से एक मिठाई की दुकान में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के दुकानदार और लोग सहम उठे और कुछ समय के लिए बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

यह वीडियो भी देखें

धमाका हुआ और आग भड़क उठी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में अचानक गैस रिसाव हुआ, जिसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। इस दौरान दुकान में रखा बड़ा फ्रिज भी विस्फोट के साथ फट गया, जिससे आग और तेज हो गई।

ये गंभीर रूप से झुलसे

हादसे में गौरव मोदी, जयसिंह, मोनू सैनी और बिहार निवासी राम पुकार गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गौरव को जयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।

घटना के कारणों की जांच शुरू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। प्रशासन ने मौके का जायजा लेकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक तौर पर गैस लीकेज को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। हादसे में मिठाई की दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। प्रशासन ने व्यापारियों से सतर्कता बरतने और गैस उपकरणों की नियमित जांच कराने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा जांच भी शुरू कर दी है। दुकानदारों को सतर्क रहने और गैस उपकरणों की नियमित जांच कराने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *