हमीरवास/सादुलपुर. पर्यावरण जागरूकता के नाम पर सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। अधिक से अधिक पौध रोपण कर पेड़ों को बचाने की जागरूकता को लेकर राज्य सरकार कितने ही बढ-चढ कर दावा करे, लेकिन रात के अंधेरे में हरे पेड़ों की कटाई कर बिना किसी डर भय के हरियाणा में तस्करी की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग की अनदेखी के कारण पर्यावरण जागरूकता के दावे खोखले नजर आ रहे हैं।
अवैध लकड़ी कटाना और तस्करी के खिलाफ हमीरवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 234 क्विंटल हरी लकड़ी जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया। प्रशिक्षु डीएसपी विनोद नैन के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से हरी लकड़ी (Illegal Timber Smuggling) का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर संदिग्ध स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आठ वाहनों को रुकवाया, जिनमें बड़ी मात्रा में हरी लकड़ी भरी हुई मिली।
वैध दस्तावेज नहीं मिले
जांच के दौरान वाहन चालकों से लकड़ी परिवहन के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 234 क्विंटल हरी लकड़ी जब्त कर ली। सभी वाहनों को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
4.50 लाख रुपए की कीमत की पकड़ी लकड़ी
जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस अधिकारियों के सुपरविजन में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खेजड़ी की लड़कियों को तस्करी के लिए हरियाणा ले जाना बताया है
पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा
थाना अधिकारी विनोद नैन ने बताया कि अवैध लकड़ी कटान और तस्करी पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध लकड़ी कटान या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस और प्रशासन पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
प्रशिक्षु थाना अधिकारी विनोद कुमार नेण के नेतृत्व में अभियान अंतर्गत की गई कार्रवाई में कांस्टेबल दीपक, अमित कुमार, की विशेष भूमिका रही। पूरी नाकाबंदी की मॉनिटरिंग उच्च अधिकारियों के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु थानाधिकारी आरपीएस विनोद कुमार, थाना हमीरवास हैड कांस्टेबल रामनारायण, कांस्टेबल आनंद और शक्ति सिंह ने भागीदारी निभाई।


