जरौली फेस-टू स्थित बालाजी ज्वैलर्स से 3 किलो चांदी चोरी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी होमगार्ड को धक्का देकर गुजैनी थाने से फरार हो गया। होमगार्ड उसे हवालात से निकालकर बाथरूम ले जा रहा था। आरोपी के फरार होने की जानकारी पर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। फरार आराेपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई हैं। 14 दिसंबर की देर रात हुई थी वारदात गुजैनी थानाक्षेत्र के गोपालपुरम सोसाइटी निवासी गौरव वर्मा की जरौली फेस-टू स्थित बालाजी ज्वैलर्स में 14 दिसंबर की देर रात शटर तोड़कर तीन नकाबपोश चोरों ने 36 मिनट में 3 किलो चांदी के जेवर पार कर दिए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर 20 दिसंबर को घटना का खुलासा करके गुजैनी गांव निवासी विशाल गुप्ता उर्फ मन्नू बिहारी और गुजैनी के मायापुरम कच्ची बस्ती निवासी करन को जेल भेज दिया था। वहीं, वारदात में शामिल रहे अजय उर्फ बंटा, विशाल और कल्लू को 19 दिसंबर को चकेरी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था, जबकि बर्रा थाना क्षेत्र के शिवाजी पुलिया के पास रहने वाला कल्लू उर्फ विशाल फरार चल रहा था, पुलिस उसकी तलाश में थीं। गुरुवार को पुलिस ने कल्लू उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर लिया और उसे गुजैनी थाने लाया गया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान वह थाने से फरार हो गया। डीसीपी बोले- तलाश में लगी हैं टीमें बताया गया कि होमगार्ड राजकुमार उसे हवालात से निकालकर बाथरूम कराने के लिए ले जा रहा था। इसी बीच आरोपी ने अचानक होमगार्ड को धक्का दिया और थाने से भाग निकला। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि ज्वैलरी शाप चोरी में आरोपी कल्लू उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया था। जो बाथरूम जाने के दौरान होमगार्ड को धक्का देकर भाग निकला, उसकी तलाश में टीमें लगाई हैं।


