रायबरेली जिले के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के जगतपुर ब्लॉक स्थित सिंघापुर भटौली गांव में स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। गांव में छोभ नाले पर बना पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण छोटे बच्चे रोज घुटनों तक पानी में उतरकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बच्चे कंधे पर बस्ता लिए फिसलन भरे रास्ते से नाला पार करते हैं। बरसात के दिनों में पानी का बहाव तेज होने पर स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल की मरम्मत और नए निर्माण के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत की गई है। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन केवल आश्वासन देकर मामले को टालता रहा है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि नाले के पास खेत होने के कारण एक स्थानीय पत्रकार ने कथित तौर पर पुलिया को नुकसान पहुंचाया था। इस संबंध में लगभग दो साल पहले शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले एक अस्थायी पुल या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जल्द से जल्द स्थायी पुल के निर्माण की भी अपील की है, ताकि बच्चों को स्कूल तक सुरक्षित आवागमन मिल सके।


