इंदौर के एरोड्रम इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक नाबालिग बच्चा घायल हो गया। हालांकि बच्चा बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोट नहीं आई। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार अस्पताल से घायल बच्चे की सूचना थाने को नहीं मिली है। घटना बाबू मुराई कॉलोनी की है। सोमवार को एक तेज रफ्तार कार कॉलोनी से गुजर रही थी। उस दौरान दो बच्चे सड़क पर खेल रहे थे। कार की टक्कर से स्कूटर के पास खड़ा एक बच्चा घायल हो गया। उसे पैर में चोट आई है। घायल बच्चे को एयरपोर्ट क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। रहवासियों के अनुसार तेज रफ्तार कार के पीछे दो बाइक सवार भी दिखाई दिए। आशंका है कि कार सवार किसी अन्य घटना के बाद वहां से भाग रहा था। एरोड्रम थाना पुलिस का कहना है कि अस्पताल से अभी तक घायल बच्चे के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


