पीलीभीत के नवीन मंडी समिति परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 400 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के इन जोड़ों ने विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए कुल 425 पंजीकरण प्राप्त हुए थे, जिनमें से 400 जोड़े विवाह के लिए उपस्थित हुए। इनमें 392 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि 8 अल्पसंख्यक जोड़ों का निकाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। पूरे पंडाल में एक ओर जहां मंत्रों की गूंज सुनाई दे रही थी, वहीं दूसरी ओर निकाह की रस्में भी पूरी की जा रही थीं। यह दृश्य सांप्रदायिक सौहार्द की एक सुंदर मिसाल पेश कर रहा था। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में संचालित यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान है। उन्होंने जोर दिया कि अब कोई भी परिवार आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटी के विवाह से वंचित नहीं रहेगा, क्योंकि सरकार बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला और नवविवाहित जोड़ों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक जोड़े ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत आवेदन कर सकते हैं, जिसके माध्यम से 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है।


