मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 29 मार्च को बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। वे यहां नवनिर्मित अटल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण और उद्यान का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही इमलीपारा रोड पर बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित कॉम्प्लेक्स का भी लोकार्पण करेंगे। रात्रि में मुख्यमंत्री राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति टी-20 ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री 29 मार्च की शाम करीब 5 बजे सूरजपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बिलासपुर पहुंचेंगे। वे लोकार्पण और क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद रात में रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री बिलासपुर में निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कुल 12.43 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसर, मराठी पुत्री शाला भवन में प्रथम तल का निर्माण (73.22 लाख रुपए), इमलीपारा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स (10 करोड़ रुपए) और रक्षित आरक्षी केंद्र में 1.20 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य शामिल हैं। कमिश्नर सर्वे ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री 14.50 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें अरपा राम सेतु से शनिचरी अरपा नदी तक सड़क, नाला और पिचिंग कार्य (12.95 करोड़ रुपए), भारत चौक से मगरपारा चौक वार्ड नंबर 4 में 1.04 करोड़ रुपए से सड़क नवीनीकरण, चौड़ीकरण व आरसीसी नाली निर्माण, और उस्लापुर हाफा रोड तिराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का निर्माण के साथ चबूतरा निर्माण (50 लाख रुपए) शामिल हैं। छत्तीसगढ़ की रणजी क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल टी 20 ड्यूज बाल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार की रात राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में प्रतियोगिता का समापन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की रणजी क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची चुकी है। आज दिल्ली और खड़गपुर की टीम के बीच सेमी फाइनल मुकाबला चल रहा है, इसमें जो टीम जीतेगी उसका मुकाबला छत्तीसगढ़ की रणजी क्रिकेट टीम से होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न राज्यों से 8 नामचीन क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, खड़गपुर, नागपुर, जौनपुर, गाजियाबाद आदि की टीमें शामिल हैं।


