साबरकांठा के नवलपुर से जिले को मुख्यमंत्री ने दी 72 करोड़ की सौगात

साबरकांठा के नवलपुर से जिले को मुख्यमंत्री ने दी 72 करोड़ की सौगात

सीएम पटेल ने 1999 विकास कार्यों का किया लोकार्पण, शिलान्यास

हिम्मतनगर. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को साबरकांठा जिले के विकास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए तलोद तहसील के आदर्श गांव नवलपुर से लगभग 72 करोड़ रुपए की सौगात दी। उन्होंने 1999 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें परिवहन विभाग के 1390 लाख रुपए के कार्य और सामान्य प्रशासन विभाग के 3667 लाख रुपए के कार्य शामिल हैं। साथ ही नवलपुर ग्राम पंचायत के नए भवन और गांव के अमृत सरोवर पर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवलपुर गांव को ग्रामीण विकास का उत्तम उदाहरण बताते हुए कहा कि इस गांव में सरपंच से लेकर सारे सदस्य महिलाएं हैं, जो महिला सशक्तिकरण का शानदार उदाहरण है। नवलपुर ने समरस गांव के विचार को चरितार्थ करने के साथ ही पानी के मीटर जैसी आधुनिक सुविधाओं और सौ फीसदी सोलर सिस्टम अपनाकर देश को एक नई राह दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने कम वजन वाली गर्भवती महिलाओं के लिए लागू लालन-पालन कार्यक्रम और बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के नियंत्रण के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की इन दोनों पहलों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड दिया गया है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

सलाल में ट्रॉपिक ऑफ कैंसर साइंस पार्क का उद्घाटन

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को साबरकांठा जिले के सलाल गांव में ट्रॉपिक ऑफ कैंसर (कर्क रेखा) साइंस पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने ट्रॉपिक ऑफ कैंसर साइंस पार्क का जायजा लिया और पार्क के भौगोलिक एवं खगोलीय महत्व के बारे में जानकारी हासिल कर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर हाइवे पर सलाल गांव में जहां से कर्क रेखा गुजरती है, वहां ट्रॉपिक ऑफ कैंसर साइंस पार्क को 8 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 5,930 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया गया है। इस पार्क को कर्क रेखा के भौगोलिक और खगोलीय महत्व को प्रकाशित करने और आगंतुकों को पृथ्वी-सूर्य संबंधों, मौसमी बदलावों और संबंधित वैज्ञानिक घटनाओं को समझने का आकर्षक अवसर प्रदान करने के लिए विकसित किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित होने के कारण ट्रॉपिक ऑफ कैंसर साइंस पार्क सभी आगंतुकों के लिए वैज्ञानिक शिक्षा और विज्ञान पर्यटन के केंद्र के रूप में सेवा देगा। मुख्यमंत्री ने पार्क के प्रांगण में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन ढवाडिया, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युमन वाजा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव पी. भारती, साबरकांठा के कलक्टर ललित नारायणसिंह सांदू आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *