Chia Seeds Side Effects: कुछ साल पहले लोग नाश्ते में पराठे, पकौड़े और चिप्स जैसी चीजों को खाना ज्यादा पसंद करते थे। वहीं, सोशल मीडिया पर हेल्दी ब्रेकफास्ट के वीडियो देखने के बाद लोग अपने नाश्ते में ओट्स और मूसली जैसी चीजों को शामिल करने लगे हैं। ऐसे में अगर आपने कभी किसी इन्फ्लुएंसर का ब्रेकफास्ट वीडियो देखा होगा, तो उसमें चिया सीड्स जरूर शामिल होते हैं। वैसे तो इसके कई स्वास्थ्य लाभ आपने सुने और देखे होंगे, लेकिन हाल ही में इंस्टाग्राम पर डॉक्टर Dr. Shubham Vatsya का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह चिया सीड्स के नुकसान के बारे में बता रहे हैं। आइए जानते हैं इन नुकसानों के बारे में विस्तार से।
कम ब्लड प्रेशर वाली महिलाएं के लिए नुकसानदेह (Women with Low Blood Pressure)
Dr. Shubham Vatsya के अनुसार, अगर किसी महिला को लो ब्लड प्रेशर है तो उन्हें चिया सीड्स का सेवन नहीं करना चाहिए। चिया सीड्स में पोटैशियम और ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा काफी होती है, जो ब्लड प्रेशर को और कम कर सकती है। इसके अलावा अगर आपका ब्लड प्रेशर पहले से ही कम है, तो चिया सीड्स का अधिक सेवन खतरनाक स्तर तक रक्तचाप यानी ब्लड प्रेशर को गिरा सकता है।
ब्लड थिनर लेने वाले लोग (People on Blood Thinners)
चिया सीड्स खून को पतला करने में मदद करते हैं, इसलिए यह थिक ब्लड वाले लोगों के लिए फायदेमंद होता है। लेकिन यदि आप Aspirin या कोई अन्य ब्लड थिनर ले रहे हैं, तो चिया सीड्स के सेवन से खून और अधिक पतला हो सकता है, जिससे गंभीर जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे मामलों में इन दवाओं के साथ चिया सीड्स का सेवन नहीं करना चाहिए।
हाइड्रेशन का संतुलन न रखने वाले लोग (People with Fiber & Hydration Imbalance)
चिया सीड्स में फाइबर की मात्रा बहुत अधिक होती है। यदि आप पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं, तो इससे गैस, ब्लोटिंग और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इनका सेवन हमेशा पर्याप्त पानी के साथ करना चाहिए और मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।
किडनी समस्या वाले लोग (People with Kidney Issues)
चिया सीड्स में पोटैशियम, फॉस्फेट और ऑक्सलेट्स मौजूद होते हैं, जो किडनी स्टोन का खतरा बढ़ा सकते हैं। यदि आपको पहले से किडनी की समस्या है या आप किडनी स्टोन से परेशान हैं, तो इन बीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।
ध्यान रखें ये बातें
चिया सीड्स एक सुपरफूड हैं और सही मात्रा व सावधानी के साथ इसका सेवन करने पर यह पाचन, एनर्जी और हृदय को स्वास्थ्य रखने में मदद करता है। लेकिन कम ब्लड प्रेशर, ब्लड थिनर्स, हाइड्रेशन की कमी और किडनी की समस्या वाले लोग इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरु लें।


