बदायूं में केमिकल मिली शराब पीने से एक की मौत:दूसरा अस्पताल में भर्ती, पानी की जगह दूध में मिलाने वाला केमिकल दिया

बदायूं में केमिकल मिली शराब पीने से एक की मौत:दूसरा अस्पताल में भर्ती, पानी की जगह दूध में मिलाने वाला केमिकल दिया

बदायूं में संदिग्ध शराब पीने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि शराब में पानी की जगह दूध में मिलाया जाने वाला केमिकल मिला दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरायमयखेड़ा गांव में मंगलवार रात को हुई। गांव के कमलेश (54) और यशपाल (50) गांव के बाहर एक दुकान पर शराब पी रहे थे। बताया गया है कि कमलेश के भाई के घर जागरण था। इसी दौरान पास के अन्नी गांव निवासी दामोदर (50) भी उनके साथ शराब पीने आ गया। शराब पीने के कुछ देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। दुकान मालिक और आसपास के लोगों ने उन्हें पानी पिलाया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन रात में कमलेश और यशपाल को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि यशपाल को गंभीर हालत में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। कमलेश के परिजनों ने दावा किया है कि दामोदर की भी मौत हो गई है, हालांकि उसे अस्पताल नहीं लाया गया। उझानी के एसएचओ प्रवीण कुमार ने बताया कि फिलहाल एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *