रायगढ़ में टैक्स जमा करने दिया चेक बाउंस:पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ FIR की तैयारी, नगर निगम ने नल कनेक्शन भी काटे

रायगढ़ में टैक्स जमा करने दिया चेक बाउंस:पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ FIR की तैयारी, नगर निगम ने नल कनेक्शन भी काटे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बकाया टैक्स वसूली को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। सुनील गर्ग पेट्रोल पंप का दिया गया चेक बाउंस हो गया है। अब नगर निगम पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कराने और न्यायालय में परिवाद दायर करने की तैयारी कर रहा है। वहीं जलकर नहीं चुकाने पर तीन स्थानों के नल कनेक्शन भी काट दिए गए हैं। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गोरखा पतरापाली चौक स्थित सुनील गर्ग के पेट्रोल पंप को बुधवार को सील किया गया था। पेट्रोल पंप संचालक सुनील गर्ग पर साल 2013 से 11 लाख 68 हजार 510 रुपए का संपत्ति कर सहित अन्य कर बकाया है। बीच में कुछ आंशिक राशि जमा की गई थी, लेकिन पूरा भुगतान नहीं हुआ। नगर निगम टीम ने जब पेट्रोल पंप को सील किया, तब संचालक ने पहले कर भुगतान के लिए चेक दिया था, जो बाउंस हो गया। अब निगम चेक बाउंस मामले में FIR दर्ज कराने और न्यायालय में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। पंप संचालक को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन बकाया कर जमा नहीं किया गया। इसके चलते अब विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नल कनेक्शन भी काटे गए वसूली अभियान के दौरान शहीद चौक स्थित महालक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को सील करने टीम पहुंची, लेकिन संचालक निरंजन लाल अग्रवाल ने मौके पर ही बकाया टैक्स जमा कर दिया। इसी तरह बकाया कर नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन भी काटे गए। इनमें भक्ति गली के श्याम कुमार डे, गद्दी चौक के आदित्य सांवरिया और शासकीय बुनकर समिति शामिल हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि जमा होने तक इन कनेक्शनों को दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। सूची के आधार पर कार्रवाई के निर्देश कबीर चौक क्षेत्र में बकाया कर के चलते एक दुकान को सील किया गया था। संचालक छोटू बेग ने कर जमा करने के बाद निगम ने सील खोल दी। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बड़े बकायादारों की सूची के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *