रायगढ़ | चौहान समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थित मुक्तिधाम निर्माण के लिए नई जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है। समाज का कहना है कि बेलादुला स्थित उनका पारंपरिक मुक्तिधाम स्थल अब नालंदा परिसर के निर्माण में आ गया है, ऐसे में क्रिया-कर्म के लिए वैकल्पिक भूमि का आबंटन आवश्यक है। समाज ने ज्ञापन में बताया कि रियासत काल से बेलादुला क्षेत्र में चौहान समाज का मुक्तिधाम स्थित है, जहां वर्षों से समाज के अंतिम संस्कार और अन्य क्रिया-कर्म संपन्न होते आए हैं। इस स्थल के एक ओर मुस्लिम समाज का कब्रिस्तान और दूसरी ओर देवांगन समाज का मुक्तिधाम है। समाज ने यह भी उल्लेख किया कि तत्कालीन महापौर जानकी काटजू ने अपने विवेकाधिकार से प्रत्याशा में मुक्तिधाम निर्माण की अनुमति दी थी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में नई भूमि की आवश्यकता है। चौहान समाज ने कलेक्टर से मांग की है कि उपयुक्त भूमि का चयन कर उसे विकसित स्वरूप में उपलब्ध कराया जाए।


