Changes from 1 April: नए इनकम टैक्स एक्ट से लेकर पैन कार्ड और LPG तक, अगले महीने से बदलने जा रहे हैं ये नियम

Changes from 1 April: नए इनकम टैक्स एक्ट से लेकर पैन कार्ड और LPG तक, अगले महीने से बदलने जा रहे हैं ये नियम

Changes from 1 April 2026: कुछ ही दिन बाद 1 अप्रैल से नया वित्त वर्ष 2026-27 शुरू हो जाएगा। बदलाव सिर्फ कैलेंडर का नहीं है, टैक्स कानून बदलेगा, बैंक के नियम बदलेंगे, ट्रेन टिकट कैंसिल कराना महंगा पड़ेगा और रसोई गैस के दाम भी हिल सकते हैं। एक अप्रैल 2026 से जो 10 बड़े बदलाव होने वाले हैं, उन्हें जानना हर आम आदमी के लिए जरूरी है।

60 साल पुराना टैक्स कानून होगा खत्म

सबसे बड़ी बात यह है कि 1961 का इनकम टैक्स एक्ट अब इतिहास बन जाएगा। उसकी जगह लेगा इनकम टैक्स एक्ट 2025। टैक्स की दरें नहीं बदली हैं, स्लैब वही रहेंगे। लेकिन जो बदला है, वो है रिपोर्टिंग का तरीका। अब “असेसमेंट ईयर” और “प्रीवियस ईयर” जैसे उलझाने वाले शब्दों की जगह सिर्फ “टैक्स ईयर” होगा। आम आदमी के लिए टैक्स को समझना थोड़ा आसान होगा।

12 लाख तक की कमाई पर जीरो टैक्स

जिन लोगों की सालाना आमदनी 12 लाख रुपये तक है उन्हें नई टैक्स व्यवस्था में एक पैसा भी टैक्स नहीं देना होगा। सेक्शन 87A के तहत रिबेट बढ़ा दी गई है। मध्यम वर्ग के लिए यह अच्छी खबर है।

फॉर्म 16 की जगह आएगा नया फॉर्म

नौकरीपेशा लोगों के काम आने वाला फॉर्म 16 और फॉर्म 16A अब नहीं रहेंगे। उनकी जगह फॉर्म 130 और फॉर्म 131 आएंगे। टैक्स भरने की प्रक्रिया थोड़ी बदलेगी, लेकिन सरकार का दावा है कि यह ज्यादा साफ और आसान होगी।

HRA में राहत

किराए के घर में रहने वालों के लिए एक अहम बदलाव आया है। पहले 50 फीसदी HRA छूट सिर्फ मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई तक सीमित थी। अब बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद भी इस दायरे में आ गए हैं। लेकिन एक पेच है। अब HRA क्लेम करने के लिए फॉर्म 124 में मकान मालिक की पूरी जानकारी देनी होगी। यानी फर्जी किराया दिखाकर छूट लेने वालों पर नकेल कसी जाएगी।

PAN कार्ड बनवाना होगा थोड़ा मुश्किल

अब सिर्फ आधार कार्ड से PAN नहीं बनेगा। जन्मतिथि के प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट या पासपोर्ट जरूरी होगा। यह नियम उन लोगों को परेशान कर सकता है जिनके पास ये दस्तावेज आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।

ATM से पैसे निकालना पड़ेगा महंगा

HDFC बैंक अब UPI ATM निकासी को भी फ्री लिमिट में गिनेगा। पांच से ज्यादा ट्रांजेक्शन हुए तो हर बार 23 रुपये कटेंगे। Bandhan Bank में मेट्रो शहरों में तीन और बाकी जगह पांच फ्री ट्रांजेक्शन मिलेंगे। उसके बाद 23 रुपये और बैलेंस न होने पर फेल ट्रांजेक्शन के लिए 25 रुपये अलग से लगेंगे।

PNB का डेबिट कार्ड लिमिट घटाने का फैसला

पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड की रोजाना निकासी सीमा घटाकर 50,000 से 75,000 रुपये कर दी है। पहले जिन कार्ड पर एक लाख रुपये तक निकाल सकते थे, अब वो भी कम हो जाएगी।

ट्रेन टिकट कैंसिल करना पड़ेगा महंगा

रेलवे ने नियम सख्त कर दिए हैं। अगर ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल किया तो एक भी पैसा वापस नहीं मिलेगा। पहले यह समयसीमा 4 घंटे थी। यानी अब पहले से सोच-समझकर टिकट लें।

रसोई गैस और CNG के दाम भी बदल सकते हैं

LPG सिलेंडर के दाम 1 अप्रैल को बदल सकते हैं। CNG, PNG और हवाई जहाज के ईंधन की कीमतों में भी फेरबदल हो सकता है। ईरान के साथ चल रहे तनाव की वजह से कच्चे तेल के बाजार में उथल-पुथल है, जिसका असर यहां भी दिखेगा। हवाई किराए से लेकर ऑटो रिक्शा तक, सब पर असर पड़ सकता है।

सैलरी स्ट्रक्चर भी बदलेगा

नए नियमों के तहत कंपनियां अब सैलरी के ढांचे में बदलाव कर सकती हैं। पहले कई भत्तों की परिभाषा ढीली थी, जिससे कंपनियां टैक्स बचाने वाले पैकेज बनाती थीं। अब वो गुंजाइश कम हो जाएगी। साथ ही नए लेबर कोड के तहत बेसिक सैलरी कुल CTC का कम से कम 50 फीसदी होनी चाहिए। इससे PF और ग्रेच्युटी बढ़ेगी लेकिन हाथ में आने वाले पैसे थोड़े कम हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *