चंदौली जिले की सदर कोतवाली पुलिस ने जांच अभियान के दौरान तीन नाबालिग किशोरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने चुराया था। यह कार्रवाई स्थानीय नगर के पास से की गई। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रभावी अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस टीम को यह सफलता मिली। सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि स्थानीय थाने में पंजीकृत मुकदमा संख्या 80/2026 की जांच के दौरान यह बरामदगी हुई। तीनों नाबालिगों ने कुछ दिन पहले ही बाइक चोरी की थी। पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। हालांकि, नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है। पुलिस टीम अब आरोपियों से बाइक चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। उम्मीद है कि इस जांच से कई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस टीम में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह के साथ उपनिरीक्षक बीरेंद्र यादव, धीरेंद्र यादव, बीर बहादुर यादव और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


