मेरठ के मौसम में अचानक आए बदलाव का असर बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे धूप का असर कम रहा। वहीं देर रात हुई हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी तेज हवा, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में मौसम अस्थिर बना रहेगा। उन्होंने बताया कि बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।मंगलवार को दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। पहले बादलों की आवाजाही बढ़ी और फिर शाम होते-होते तेज हवा चलने लगी। रात में हल्की बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया। दिन के अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 33.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी बढ़ने और बादलों की वजह से आज भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
वहीं शहर की हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। मंगलवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 131 दर्ज किया गया। गंगानगर में 137, जयभीम नगर में 128, पल्लवपुरम में 129, बेगमपुल में 123 और दिल्ली रोड पर 127 AQI रिकॉर्ड किया गया।


