कानपुर में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 7 और 8 अप्रैल को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले बादल सक्रिय रहेंगे, जिससे वातावरण में अचानक बदलाव महसूस किया जाएगा। खासकर दोपहर और शाम के समय बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार भी बढ़ सकती है, जिससे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है, जो अप्रैल के महीने में आमतौर पर देखने को मिलता है। तेज धूप ने कराया गर्मी का एहसास सोमवार को दिन में तेज धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। सूरज की तीखी किरणों के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, हालांकि बीते दो दिनों की बारिश का असर अभी भी बना हुआ है। सीएसए के मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। तापमान में गिरावट के कारण रात के समय हल्की ठंड का एहसास भी लोगों को हुआ। 8 अप्रैल के बाद बढ़ेगा तापमान मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 अप्रैल के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है। हालांकि शनिवार व रविवार को हुई बारिश ने आमजन को गर्मी से राहत दी है। बीते दिनों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) दिनांक – न्यूनतम – अधिकतम 01 अप्रैल 18.6 35.8 02 अप्रैल 19.4 37.8 03 अप्रैल 22.4 35.8 04 अप्रैल 20.4 36.0 05 अप्रैल 16.6 34.0 06 अप्रैल 15.8 32.2 (सोर्स – सीएसए मौसम विभाग)
मौसम पूर्वानुमान दिनांक – न्यूनतम – अधिकतम 07 अप्रैल 17.0 33.0 08 अप्रैल 15.0 28.0 09 अप्रैल 17.0 32.0 10 अप्रैल 18.0 33.0 11 अप्रैल 19.0 35.0 (सोर्स – आईएमडी)


