चैत्र नवरात्रि पर मां शारदा देवी के दर्शन के लिए मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पश्चिम मध्य रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। रेलवे ने मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 19 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगी। कटनी स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु माँ शारदा के दरबार में मत्था टेकने आते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इन चयनित 15 जोड़ी ट्रेनों को मैहर स्टेशन पर 5 मिनट का विशेष स्टॉपेज दिया गया है। सामान्य दिनों में ये ट्रेनें मैहर में नहीं रुकती थीं, लेकिन मेले के मद्देनजर यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों के अतिरिक्त, स्थानीय और आस-पास के जिलों से आने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। कटनी और सतना के बीच विशेष अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 09015 और 09016 कटनी और सतना के बीच संचालित होंगी, जिससे स्थानीय दर्शनार्थियों को मैहर पहुँचने में आसानी होगी। इन ट्रेनों में अनारक्षित टिकट की सुविधा उपलब्ध होगी। नवरात्रि के दौरान मैहर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की जा रही है। अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ (RPF) व जीआरपी (GRP) के जवानों को तैनात किया जाएगा। स्टेशन प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत खिड़की से ही टिकट खरीदें और रेल प्रशासन का सहयोग करें।


