CG Weather Alert: मंगलवार को कोंडागांव जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद शुरू हुए बदलाव ने पूरे क्षेत्र को प्रभावित किया कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, तो कहीं हल्की बारिश किसानों के लिए राहत बनकर आई। नगर पंचायत फरसगांव और आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई।
CG Weather Alert: फसलों को नुकसान की आशंका
सड़कों, गलियों और खेतों में ओलों की सफेद परत जम गई। अचानक बदले मौसम से बाजारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दुकानों व घरों में शरण लेते नजर आए। फसलों को नुकसान की आशंका: ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी मक्का, धान और सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कई जगह फसलें गिर गईं, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
CG Weather Alert: बड़ेराजपुर में राहत बनी बारिश
वहीं बड़ेराजपुर क्षेत्र के हरवेल, तराईबेड़ा, बालेंगा और किबड़ा सहित कई गांवों में हल्की बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। लगातार गर्मी और बिजली कटौती के कारण सिंचाई प्रभावित हो रही थी, ऐसे में इस बारिश से फसलों को नई नमी मिली। मंगलवार का दिन क्षेत्र के लिए मिला-जुला रहा। जहां कुछ इलाकों में किसानों को नुकसान की चिंता है, वहीं अन्य क्षेत्रों में बारिश राहत का कारण बनी। अब प्रभावित किसान प्रशासन से मुआवजे की उम्मीद कर रहे हैं।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
CG Weather Alert: आज के पूर्वानुमान की बात करें तो प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं अगले दो दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत हैं। Raipur में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली और नारायणपुर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।


