CG News: छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कांकेर से भानुप्रतापपुर लौट रही एक महिला को लिफ्ट देने के बाद कार में सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की।
महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद महिला को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मामला कोरर थाना क्षेत्र का है।
CG News: इलाज कराने कांकेर गई थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला शनिवार को अपने इलाज के लिए कांकेर गई थी। शाम को भानुप्रतापपुर लौटने के लिए वह माकड़ी तिराहा पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार वहां पहुंची, जिसमें महिला सहित तीन यात्री सवार हो गए।
रास्ते में दो यात्री उतरते ही शुरू की छेड़छाड़
बताया जा रहा है कि भानुप्रतापपुर से करीब 15 किलोमीटर पहले कार में सवार दो यात्री उतर गए। इसके बाद महिला को अकेला पाकर कार में मौजूद दोनों आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाने लगी।
चलती कार से नीचे फेंककर फरार
जब कार भानबेड़ा के पास पहुंची तो आरोपियों ने महिला को चलती कार से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को भानबेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा
सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने जिले के सभी थानों को अलर्ट करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध कार हटकर्रा इलाके में देखी गई है। सूचना के आधार पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते उन्हें पकड़ लिया गया।
एक आरोपी नाबालिग, चोरी की निकली कार
कोरर पुलिस ने मामले में आरोपी हरेंद्र पोया निवासी हरनपुरी थाना कोरर और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इस कार को धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से चोरी किया था। कार चोरी के मामले में धमतरी पुलिस भी जांच के लिए कोरर पहुंच गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


