CG News: लखपति दीदियाँ बनीं दिल्ली में विशिष्ट अतिथि, पहली बार कर्तव्य पथ परेड देख गौरवान्वित

CG News: लखपति दीदियाँ बनीं दिल्ली में विशिष्ट अतिथि, पहली बार कर्तव्य पथ परेड देख गौरवान्वित

CG News: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर महिला सशक्तिकरण की सशक्त पहचान बनी लखपति दीदियों को गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नई दिल्ली आमंत्रित किया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से लखपति दीदी बिम्बति नाग एवं यमुना कडि़यारी राजधानी दिल्ली पहुँचीं।

इस मौके पर दोनों लखपति दीदियों ने 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में सहभागिता की तथा जीवन में पहली बार कर्तव्य पथ परेड का भव्य और ऐतिहासिक दृश्य देखा। यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी रहा। बिम्बति नाग एवं यमुना कडि़यारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। दोनों दीदियाँ लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय अर्जित कर न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी हैं।

ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में उनका चयन किया गया। दंतेवाड़ा जिले के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है। छत्तीसगढ़ राज्य से दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं कवर्धा जिले की कुल पाँच लखपति दीदियाँ अपने सहयोगियों के साथ इस राष्ट्रीय आयोजन में सम्मिलित हुईं।

इस अवसर पर स्टेट नोडल के रूप में धर्मेंद्र ठाकुर, बीपीएम, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा भी दिल्ली पहुँचे तथा कर्तव्य पथ परेड में सहभागिता की। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा लखपति दीदियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह जिले में संचालित आजीविका एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की सफलता का जीवंत प्रमाण है। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *