CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में होली के रंगों का असर इस बार लोगों की सेहत पर भी देखने को मिला। मिलावटी और केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल के कारण कई लोगों को त्वचा और आंखों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा। होली के बाद पिछले दो दिनों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचे।
CG News: होली के रंग पड़े भारी
अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक दो दिनों में स्किन ओपीडी में 465 और आई ओपीडी में 187 मरीज पहुंचे। इस तरह कुल 652 मरीज त्वचा और आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इनमें अधिकांश मरीजों ने त्वचा पर एलर्जी, खुजली और जलन की शिकायत बताई, जबकि कई लोग आंखों में रंग चले जाने, लालिमा और सूजन की समस्या लेकर अस्पताल पहुंचे।
सिम्स में इन दो दिनों के दौरान स्किन, आई सहित अन्य विभागों में कुल 2958 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। गुरुवार को अस्पताल में 1292 मरीज पहुंचे थे, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 1666 हो गई।
एलर्जी, खुजली और जलन की शिकायत अधिक
स्किन विभाग में गुरुवार को 125 मरीज पहुंचे थे, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 340 हो गई। वहीं नेत्र विभाग में गुरुवार को 72 मरीजों ने उपचार कराया, जबकि शुक्रवार को 115 मरीज आंखों में रंग जाने, जलन और सूजन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे।
डॉक्टरों के अनुसार होली में केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से इस तरह की समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे रंग त्वचा पर एलर्जी, खुजली और जलन का कारण बनते हैं। वहीं आंखों में चले जाने पर संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि होली के दौरान प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का उपयोग करें और आंखों व त्वचा की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।


